बलरामपुर, 09 मार्च 2026। कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष राजेंद्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिले में क्रियान्वित नल-जल योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि नल जल योजना केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजना के कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्यपालन अभियंता पंकज जैन ने वर्ष 2025-26 में लक्षित योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामवार पूर्ण तथा अपूर्ण कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नल-जल कार्यों से पूर्ण हो चुके ग्रामों और बसाहटों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बसाहटों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में ग्रामों में नल-जल योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, पाइपलाइन विस्तार, स्रोत विकास और जल टंकी निर्माण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि जल स्रोत सुनिश्चित करने के बाद ही पाइपलाइन विस्तार किया जाए, ताकि पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके।
कलेक्टर ने अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजना के तहत हर घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिया कि कार्य में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए और जिनकी कार्य में रुचि नहीं है, उनका अनुबंध निरस्त किया जाए।