छतौना में महतारी वंदन सम्मेलन, महिलाओं को राशि अंतरण

मुंगेली, 09 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुंगेली जिले के ग्राम छतौना (जरहागांव), सेतगंगा, मानस मंच लोरमी, झाफल और मंगल भवन पथरिया में वृहद महतारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बस्तर जिले से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 684 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की और हितग्राहियों को बधाई दी। इसमें मुंगेली जिले की 02 लाख 09 हजार 600 से अधिक महिलाओं के खातों में 19.22 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।

ग्राम छतौना के मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, लोरमी जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य अंबालिका साहू, रजनी मानिक सोनवानी, उमाशंकर साहू और जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती और भारत माता के छाया चित्र पर पूजा-अर्चना तथा राष्ट्रगान जन गण मन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, आवास योजना, बिजली बिल में राहत, स्वच्छ पेयजल और पेंशन जैसी योजनाओं से महिलाओं को लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महतारी सदन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि योजना के तहत अब तक 684 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में सीधे अंतरित की जा चुकी है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिल रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और महिला दिवस की बधाई दी।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर की 38 बालिका खिलाड़ियों को 1,100 रुपये का चेक और शाल देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 06 बालिकाओं को 20 हजार रुपये की राशि, शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा जरहागांव सुरभि क्लस्टर संगठन की 11 महिलाओं और महतारी वंदन योजना की राशि से व्यवसाय करने वाली 30 महिलाओं को शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *