मुंगेली, 08 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई महिलाओं ने आत्मनिर्भरता से जुड़ी अपनी प्रेरक कहानियां साझा कीं।

कार्यक्रम में मुंगेली जिले की महिलाओं ने भी अपनी सफलता की कहानी प्रस्तुत की। विकासखंड पथरिया के चंदखुरी स्थित जय माँ शीतला स्वयं सहायता समूह की सदस्य उषा श्रीवास ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने छोटे स्तर से आजीविका गतिविधि शुरू की।
उन्होंने बताया कि समूह के सहयोग, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता के माध्यम से उन्होंने अपने कार्य को आगे बढ़ाया और आर्थिक रूप से सशक्त बनकर ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बनाई।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत मोहभट्टा की धनेश्वरी साव ने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आजीविका का मजबूत आधार मिला। लगातार मेहनत और समूह के सहयोग से उन्होंने अपनी आय बढ़ाई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई लखपति दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सामूहिक प्रयास, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के सहयोग से आत्मनिर्भर बनने की बात कही।