निर्माणाधीन स्कूलों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज

मुंगेली, 07 मार्च 2026। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मुंगेली एवं लोरमी विकासखंड में निर्माणाधीन पीएम श्री तथा स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और गुणवत्ता में कमी पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय के साथ मोतिमपुर (अमरटापू) में निर्माणाधीन पीएम श्री विद्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने लैब, लाइब्रेरी और कक्षाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पीएम श्री के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कर विद्यालय की शिफ्टिंग जल्द सुनिश्चित करने को कहा।

निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने एसडीओ और सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने लोरमी विकासखंड के लालपुर धाम में स्व. अंजोरदास पाटले स्वामी आत्मानंद विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने इंजीनियरों और ठेकेदारों को चेतावनी दी कि विद्यालय निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद स्कूल लोरमी का भी दौरा किया। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ईई, एसडीओ और सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की समय पर रिपोर्टिंग और प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री द्वारा इन नए स्कूल भवनों का उद्घाटन किया जाएगा, इसलिए निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय लोरमी में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के प्रश्न पूछे और बोर्ड पर सवाल हल कर उन्हें समझाया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी जाना और उन्हें मोबाइल से दूर रहकर मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *