मुंगेली जिले के थाना लालपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर को बिलासपुर के एकतानगर से पकड़ा गया।

प्रकरण दिनांक 09 जनवरी 2026 की सुबह का है। प्रार्थी सुखदेव कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जमीन विवाद के कारण ग्राम बांधा निवासी आरोपियों ने उसके पिता रामकुमार कश्यप पर लाठी-डंडे और तब्बल से हमला कर हत्या कर दी। आरोप है कि घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया शव के ऊपर चढ़ाया गया। इसी दौरान लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी हत्या की नियत से हमला किया गया, जिससे उसे सिर में गंभीर चोट आई।
रिपोर्ट पर थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले में पूर्व में छह आरोपियों को 11 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। एक विधि से संघर्षरत बालक को न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर 22 फरवरी 2026 को अन्नु कुमार चन्द्राकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने घटना में ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने संबंधित ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया।
कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी लालपुर उपनिरीक्षक सुन्दरलाल गोरले सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।