लोरमी। ग्राम रेताकला में 30 जनवरी से तीन दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ एवं पर्वतदान महोत्सव का शुभारंभ किया गया है। धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा को समर्पित इस आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं।
आयोजन में बेमेतरा से आमंत्रित प्रसिद्ध भागवत भूषण पंडित प्रमोद शास्त्री द्वारा संपूर्ण यज्ञ एवं अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम के प्रथम दिन विधिविधान के साथ यज्ञ मंडप का निर्माण किया गया तथा पर्वतों की स्थापना की गई।

दूसरे दिन 31 जनवरी को मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी, साथ ही देव आह्वान, स्थापना एवं हवन की विधियां संपन्न होंगी। वहीं समापन दिवस 1 फरवरी पर पर्वतदान की पूर्णाहुति, विधिवत पूजा-अर्चना एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में आचार्य के रूप में पंडित झमन प्रसाद शास्त्री, पंडित गीता प्रसाद शास्त्री एवं पंडित धनंजय दुबे की उपस्थिति रहेगी, जो विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन करेंगे। इस आयोजन के यजमान उषा रतन लाल पांडेय हैं।
आयोजन समिति के अनुसार यह महोत्सव धार्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। कार्यक्रम को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन यज्ञ में भाग ले रहे हैं।