गणतंत्र दिवस पर अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस

मुंगेली, 28 जनवरी 2026।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मुंगेली द्वारा शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवरी में पदस्थ छह शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर विद्यालय से अनुपस्थित पाए जाने के मामले में की गई है।

जारी नोटिस के अनुसार सरपंच, ग्राम पंचायत देवरी द्वारा जनपद पंचायत मुंगेली को भेजे गए पत्र के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि संबंधित शिक्षक राष्ट्रीय पर्व के दिन विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। विभाग ने इसे अनुशासनहीनता एवं घोर आपत्तिजनक कृत्य मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत बताया है।

नोटिस प्राप्त शिक्षकों में शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवरी के शिक्षक एवं सहायक शिक्षक शामिल हैं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित शिक्षकों को 29 जनवरी 2026 को दोपहर 4.30 बजे स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रस्तुत किया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, संकुल प्रभारी, प्रधानपाठक एवं सरपंच ग्राम पंचायत देवरी को भी सूचना प्रेषित की गई है।


Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *