पथरिया। नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्था पर रोक लगाने के उद्देश्य से नगर पंचायत पथरिया द्वारा एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई। एसडीएम पथरिया रेखा चन्द्रा के स्पष्ट निर्देशन में तखतपुर मार्ग स्थित शराब दुकान के आसपास अवैध रूप से संचालित चखना दुकानों को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई गई।

प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित दुकानदारों को पाँच दिन पूर्व स्पष्ट चेतावनी देकर नोटिस जारी की गई थी, जिसके बावजूद अवैध रूप से गुमटीनुमा दुकानों का संचालन जारी था। चेतावनी की अवधि समाप्त होने के बाद आज नगर पंचायत अमला एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान शराब दुकान के आजू-बाजू एवं सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई सभी चखना दुकानों और गुमटियों को हटाया गया। इस कार्रवाई से न केवल सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाया गया, बल्कि यातायात व्यवस्था और क्षेत्र की साफ-सफाई को भी बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार का व्यवसाय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर पंचायत और पथरिया पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और इसे नगर की व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
इस कार्रवाई को लेकर पथरिया नगर पंचायत क्षेत्र में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। नगरवासियों का कहना है कि यह कदम यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में प्रशासन द्वारा उठाया गया एक बड़ा और आवश्यक कदम है, जिससे आमजन को राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ओर चखना दुकान संचालकों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि प्रशासन की इस पहल से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है । चखना दुकान संचालकों में इस मुद्दे को लेकर रोष व्याप्त है और उन्होंने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ एसडीएम पथरिया से मुलाकात कर अपना पक्ष रखने की बात कही है।