कुआँगांव बना घुमंतु पशु मुक्त पंचायत

मुंगेली, 25 जनवरी 2026। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की पहल “गौ सेवा संकल्प अभियान” से प्रेरित होकर ग्राम पंचायत कुआँगांव ने घुमंतु पशुओं के संरक्षण की दिशा में कदम उठाया है। पंचायत को “घुमंतु पशु मुक्त ग्राम पंचायत” के रूप में विकसित किया गया है।

इस उद्देश्य से ग्राम सुरक्षा गौ सेवा संरक्षण समिति का गठन किया गया है। समिति के प्रयासों से गांव के लगभग 150 घुमंतु पशुओं को गोठान में सुरक्षित रखकर संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है।

गोठान को कंटीले तारों से सुरक्षित किया गया है। पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने हेतु पैरादान व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल के लिए डबरी एवं बोरवेल तथा गर्मी से बचाव के लिए छायादार वृक्षों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लगभग पांच एकड़ क्षेत्रफल में फैले गोठान में पशुओं के विचरण की व्यवस्था की गई है।

उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, मुंगेली डॉ. आर. एस. त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल से गांव की सड़कों पर विचरण करने वाले घुमंतु पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिला है, जिससे फसलों को होने वाला नुकसान लगभग समाप्त होगा और सड़क दुर्घटनाओं में पशु एवं जनहानि में कमी आएगी।

समिति के अध्यक्ष नीलकंठ कश्यप ने बताया कि समिति के पंजीयन के बाद कुआँगांव गोठान को गोधन योजना के अंतर्गत पंजीकृत कर छत्तीसगढ़ राज्य गो सेवा आयोग को अनुदान हेतु प्रस्ताव भेजा जाएगा।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *