मुंगेली। बिलासपुर एवं मुंगेली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तिफरा, बिलासपुर स्थित कबाड़ी दुकान को सील किया गया है। यह कार्रवाई सरगांव हाइवे पर लाखों रुपये मूल्य के वाहनों के कटे हुए पार्ट्स जब्त किए जाने के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी 2025 की रात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर की ओर से सरगांव मार्ग होते हुए चोरी की गई मोटरसाइकिलों एवं अन्य वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स एक हाईवा वाहन में भरकर ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर सायबर सेल मुंगेली एवं थाना सरगांव पुलिस द्वारा सरगांव हाइवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध हाईवा वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में मोटरसाइकिल, कार एवं अन्य वाहनों के कटे हुए पार्ट्स, बैटरियां तथा लोहे का सामान पाया गया।
हाईवा चालक रूपनाथ सिंह, निवासी खड़गवा, जिला चिरमिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त सामान फिरोज मेमन, निवासी तिफरा, बिलासपुर द्वारा चोरी की गई गाड़ियों को खरीदकर अपनी कबाड़ी दुकान में काटा जाता है।

कटे हुए वाहन पार्ट्स एवं हाईवा वाहन को थाना सरगांव में धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

इसके बाद 16 जनवरी 2025 को सायबर सेल मुंगेली एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस द्वारा तिफरा, बिलासपुर स्थित फिरोज मेमन की कबाड़ी दुकान में संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की गई। छापे के दौरान दुकान से कई मोटरसाइकिल, कार, ट्रक एवं अन्य वाहनों के कटे हुए पार्ट्स, लोहे की सामग्री, वजन मशीन, लोहे काटने की मशीन, गैस कटर, गैस सिलेंडर एवं कंप्रेशर मशीन बरामद की गई।
पुलिस ने कबाड़ी दुकान को विधिवत सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी फिरोज मेमन मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में सायबर सेल मुंगेली, थाना सरगांव एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस की विशेष भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस, बिलासपुर पुलिस, वाहन चोरी, कटे वाहन पार्ट्स, कबाड़ी दुकान सील, बीएनएसएस