मुंगेली/रायपुर।
मुंगेली जिले में मृत महिला के नाम पर वर्षों से राशन उठाव किए जाने के मामले को नवा बिहान छत्तीसगढ़ 24 द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। आरटीआई कार्यकर्ता खेमेश्वर पुरी गोस्वामी द्वारा इस संबंध में मुख्यमंत्री जनदर्शन, रायपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, उक्त शिकायत पर संज्ञान लेते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यह पत्र मुख्यमंत्री सचिवालय के अवर सचिव मुकेश कुमार गोंड के हस्ताक्षर से जारी हुआ है।

शिकायत में उल्लेख है कि ग्राम डिंडोरी की मूल हितग्राही बुधवरिया की मृत्यु नवंबर 2019 में हो चुकी थी, इसके बावजूद उनके नाम पर करीब पांच वर्षों तक राशन का उठाव किया जाता रहा। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे राशन कार्ड का संचालन जारी रखा गया और बाद में उसमें नए नाम भी जोड़े गए।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने निर्देशित किया है कि मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए तथा अवैध रूप से लिए गए राशन अथवा राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रकरण में की गई कार्रवाई की संक्षिप्त जानकारी संबंधित पोर्टल पर दर्ज करने और दस्तावेज अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
नवा बिहान छत्तीसगढ़ 24 द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के बाद सीएम निवास से निर्देश जारी होना, मामले की गंभीरता को दर्शाता है।