बलरामपुर।
मकर संक्रांति के अवसर पर तातापानी महोत्सव के दौरान सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 200 नवयुगल जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति रही।
महोत्सव के दौरान 195 हिंदू एवं 5 क्रिश्चियन जोड़ों का विवाह उनके-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। आयोजन को सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का प्रतीक बताया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि 200 बेटियों का विवाह होना उनके लिए भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि तातापानी महोत्सव सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने नवदम्पतियों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी के साथ दांपत्य जीवन जीने का संदेश दिया तथा उनके सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना की।
सामूहिक विवाह में हिंदू जोड़ों का विवाह विधि-विधान, मंत्रोच्चार और सात फेरों के साथ हुआ, जबकि क्रिश्चियन समुदाय के 5 जोड़ों ने पादरी की उपस्थिति में विवाह संस्कार पूर्ण किया।
आयोजन से निम्न वर्ग, जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग मिला है, जिससे वे सम्मानपूर्वक अपने बच्चों का विवाह संपन्न कर सके।