बलरामपुर, 12 जनवरी 2026। संक्रांति पर्व के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का शुभारंभ 14 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जाएगा। इस दौरान जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर रमनलाल अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मेला स्थल पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान मेला परिसर, तपेश्वर महादेव मंदिर, सामूहिक विवाह स्थल, विभागीय स्टॉल, मुख्य मंच और बैठक व्यवस्था का अवलोकन किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
तातापानी महोत्सव के अंतर्गत 14 जनवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री उपस्थित रहेंगे।
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान मेला स्थल और आरागाही हवाई पट्टी में पैरासेलिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्याओं में स्कूली छात्र-छात्राओं, स्थानीय कलाकारों और आमंत्रित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।