मोबाइल मेडिकल यूनिट रवाना, बैगा बस्तियों तक स्वास्थ्य सेवा

मुंगेली, 02 जनवरी 2026।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने शुक्रवार को पीएम जनमन योजना के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यूनिट लोरमी विकासखण्ड की दूरस्थ और दुर्गम बैगा बस्तियों तक पहुँचकर विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय को उनके निवास स्थल पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उन क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जहां तक पहुंचना कठिन होने के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन से प्राथमिक जांच, उपचार और दवाइयों की उपलब्धता स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

चलित चिकित्सा इकाई में उपलब्ध सुविधाएं

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस चलित चिकित्सा इकाई में चिकित्सा अधिकारी, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और कम्पाउंडर सहित आवश्यक स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है।
यूनिट में रक्त जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाओं का वितरण और प्राथमिक उपचार की सुविधा मौके पर ही प्रदान की जाएगी। यह वाहन विकासखण्ड लोरमी की दूरस्थ बैगा बस्तियों में नियमित रूप से भ्रमण करेगा, जिससे ग्रामीणों को जिला या विकासखण्ड मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

पीएम जनमन योजना का उद्देश्य

उल्लेखनीय है कि पीएम जनमन (प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान) योजना विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के समग्र सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रमुख पहल है। योजना के तहत स्वास्थ्य के साथ-साथ पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, बिजली और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि पिछड़ी जनजातियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार सहित अन्य चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हों और लक्षित समुदाय को समय पर लाभ मिल सके।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *