लोरमी को सिंचाई सौगात, मनियारी पर एनीकट

मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025।
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने लोरमी विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों को सिंचाई और जल-संवर्धन की बड़ी सौगात दी। उन्होंने ग्राम डोंगरिया में मनियारी नदी पर 4.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एनीकट का भूमिपूजन किया। यह परियोजना क्षेत्र में जल संरक्षण, सिंचाई और कृषि विकास को मजबूती देगी।

एनीकट निर्माण से डोंगरिया, जमुनाही, उरईकछार, लाखासार, हरदीबांध और घानाघाट सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे जलस्तर में वृद्धि होगी और लगभग 250 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पर्यावरण संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा।

21 लाख के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा

उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 21 लाख रुपये के अन्य कार्यों की भी घोषणा की। इसमें बघर्रा में सामुदायिक भवन सह मंच निर्माण के लिए 6 लाख रुपये, ग्राम जमुनाही में सीसी रोड निर्माण हेतु 7 लाख रुपये, छुईहापारा में रंगमंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा ग्राम डोंगरिया में स्कूल परिसर में सीसी रोड और साइकिल शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरूण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों, पुल-पुलियों और एनीकटों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

जल संरक्षण पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री ने वर्षा जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया और गांव में ही पानी रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि एनीकट निर्माण से वर्षा जल का संग्रह होगा, जिससे गर्मी के मौसम में जल संकट से राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य को समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य रत्ना काठले, गुरमीत सलूजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *