मुंगेली | पथरिया जनपद मुख्यालय,मुंगेली जिले के पथरिया जनपद मुख्यालय में तखतपुर–पथरिया मुख्य मार्ग पर संचालित देसी एवं अंग्रेजी शराब की शासकीय दुकान अब आमजन के लिए गंभीर समस्या का कारण बनती जा रही है। स्थिति यह है कि इस शराब दुकान के दोनों ओर सड़क पर सैकड़ों की संख्या में बिना किसी अनुमति के अस्थायी दुकानें और ठेले अनियंत्रित रूप से लग रहे हैं, जिससे यह मुख्य मार्ग लगातार अवरुद्ध रहता है।
यह वही मार्ग है, जिससे होकर प्रतिदिन 15 से 20 गांवों के ग्रामीण पथरिया मुख्यालय आते-जाते हैं। थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, स्कूल-कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण शासकीय संस्थान इसी मार्ग पर स्थित हैं। सुबह से ही शराब दुकान के आसपास मदिरा प्रेमियों की भीड़ लगी रहती है, जिससे आम नागरिकों—विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों—को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार समाचार माध्यमों में इस अव्यवस्था को लेकर खबरें प्रकाशित होने के बावजूद न तो नगर प्रशासन और न ही संबंधित विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई की है। परिणामस्वरूप, अवैध रूप से लग रही दुकानों और शराबियों की भीड़ के कारण रोजाना दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सबसे चिंताजनक स्थिति स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं की है, जिन्हें डर और असुरक्षा के माहौल में इसी मार्ग से होकर आना-जाना पड़ता है। अभिभावकों में भी इस बात को लेकर रोष है कि प्रशासन की उदासीनता बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है।
प्रश्न यह है कि आखिर प्रशासन में बैठे जिम्मेदार अधिकारियों की नींद कब खुलेगी? कब सड़क पर हो रहे इस अतिक्रमण और अव्यवस्था को हटाकर आमजन, महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित व सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा? यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़ी घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा?
अब पथरिया की जनता प्रशासन से केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा कर रही है।
