एसआईआर: निर्वाचक नामावली प्रारूप प्रकाशित, दावा-आपत्ति शुरू

मुंगेली, 23 दिसम्बर 2025।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने इस संबंध में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की।

प्रेस कांफ्रेंस में विधानसभा क्षेत्र 26-लोरमी, 27-मुंगेली (अ.जा.) एवं 29-बिल्हा के भाग संख्या 01 से 143 तक की निर्वाचक नामावली के प्रारूप-5 का प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी, फोटोरहित नामावली की सॉफ्ट कॉपी (सीडी), मतदान केंद्रों की सूची एवं एएसडी सूची उपलब्ध कराई गई।

22 जनवरी तक दावा-आपत्ति

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के संबंध में दावा-आपत्ति 22 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती है। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सी-श्रेणी में रखे गए मतदाताओं को उनकी आयु वर्ग के अनुसार निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही, 01 अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिकों से फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन भी लिए जा रहे हैं।

मतदाता संख्या और नए मतदान केंद्र

वर्तमान में जिले में कुल 6 लाख 17 हजार 23 मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर के दौरान 5 लाख 32 हजार 21 मतदाताओं द्वारा गणना पत्रक भरे गए हैं, जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल हैं। इसके अलावा 34 हजार 911 स्थानांतरित, 21 हजार 592 मृत एवं 28 हजार 499 दोहरी प्रविष्टियों की पहचान की गई है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने बताया कि जिन मतदान केंद्रों में मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक थी, वहां आयोग के निर्देशानुसार युक्तियुक्तिकरण करते हुए 134 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके बाद मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 340, लोरमी में 312 और पथरिया में 143 मतदान केंद्र हो गए हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *