मुंगेली/22 दिसंबर 2025//
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुंगेली, लोरमी और पथरिया विकासखंडों में चल रहे एसआईआर कार्यों का मूल्यांकन किया। बैठक में ईआरओ, एईआरओ और एएईआरओ से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने नो-मैपिंग प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऐसे मामलों में शीघ्र नोटिस जारी किए जाएं। साथ ही प्रति सप्ताह जारी नोटिसों की संख्या का विवरण अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा, ताकि कार्यों की सतत निगरानी की जा सके।

नो-मैपिंग और तार्किक त्रुटियों पर सख्ती
बैठक में कलेक्टर ने लॉजिकल त्रुटि एवं नो-मैपिंग प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिक संख्या में नोटिस जारी होने वाले संभावित मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखते हुए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ईआरओ और एईआरओ को निर्देशित किया गया कि जिन मामलों में मतदाता अनमैप्ड हैं या छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी हैं, उनके आवश्यक दस्तावेज शीघ्र तैयार किए जाएं। ऐसे प्रकरणों में निवास प्रमाण पत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।
नोटिस प्रक्रिया की समीक्षा
कलेक्टर ने बताया कि ‘सी’ श्रेणी के प्रकरणों तथा मतदाता सूची में पाई गई तार्किक त्रुटियों वाले मामलों में नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने नोटिस जारी करने की प्रक्रिया, समय-सीमा और अनुपालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि केवल वास्तविक प्रकरणों में ही नोटिस जारी हों, अनावश्यक नोटिस से बचा जाए।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और सटीकता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले की निर्वाचक नामावली शुद्ध, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाई जा सके।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी एल यादव, एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज, तहसीलदार कुनाल पाण्डेय, अतिरिक्त तहसीलदार चंद्रकांत राही सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।