मुंगेली/22 दिसंबर 2025//
कलेक्टर कुन्दन कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने तहसील कार्यालय लोरमी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन व्यवस्थाओं, राजस्व प्रकरणों की स्थिति, अभिलेख संधारण, लोक सेवाओं के समयबद्ध निराकरण और आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

कार्यालयीन व्यवस्था और कार्यसंस्कृति पर जोर
निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और कर्मचारियों की उपस्थिति का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यसंस्कृति में सुधार लाने, जवाबदेही के साथ कार्य करने और जनता के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।
समन्वय से कार्य करने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने भी तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में तालमेल से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अजीत पुजारी, संबंधित तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
