बलरामपुर-रामानुजगंज। थाना चांदों क्षेत्र में मारपीट से हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामला अपराध क्रमांक 46/2025, धारा 103(1) BNS के तहत पंजीबद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घोड़सोत मड़वा निवासी केयर सोनवानी (50) ने थाना चांदों में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9 बजे उनके छोटे भाई सुरेश सोनवानी ने सूचना दी कि मेवालाल सोनवानी की उसी रात करीब 8:30 बजे मृत्यु हो गई है।

पैसे को लेकर हुआ विवाद
रिपोर्ट में उल्लेख है कि 16 दिसंबर 2025 की शाम आरोपी बितन अगरिया मृतक के घर गया था। इसी दौरान मृतक ने आरोपी की शर्ट के पैकेट से रुपये निकालकर गिनने शुरू कर दिए। इस बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्कों और डंडे से मृतक के सिर व आंख के ऊपर हमला किया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मेवालाल सोनवानी की इलाज के दौरान 20 दिसंबर 2025 की रात मृत्यु हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांदों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दी गई। उनके निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपी बितन अगरिया (28), निवासी ग्राम सुखरी खाड़ मड़वा, थाना चांदों को तलाश कर हिरासत में लिया गया।
कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।