मुंगेली, 19 दिसंबर 2025। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, भारत सरकार के मार्गदर्शन में “प्रशासन गांव की ओर” थीम पर जिले में सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 25 दिसंबर तक चलेगा, जिसके तहत तीनों विकासखंडों के गांवों में शिविर लगाकर आमजन को शासन की योजनाओं का त्वरित लाभ दिया जा रहा है।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में शुक्रवार को मुंगेली विकासखंड के ग्राम कोना, लोरमी विकासखंड के ग्राम देवरहट और पथरिया विकासखंड के ग्राम सिलतरा जोन में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, श्री पवन पाण्डेय, श्री देवचरण भास्कर, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

विभिन्न विभागों के स्टॉल, योजनाओं का त्वरित लाभ
शिविर का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, श्रम, मत्स्य, पशुपालन, पीएचई, महिला एवं बाल विकास, राजस्व सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी प्रदान कर लाभान्वित किया गया।

शिविरों में कुल 280 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 75 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का भी नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जताया संतोष
ग्राम कोसमा निवासी अभिषेक यादव ने बताया कि शिविर में आवेदन करने पर उन्हें मत्स्य जाल प्रदान किया गया, जिससे मछली पालन में सुविधा मिलेगी। वहीं ग्राम दाउकापा के किसान श्री सुरेश वाद्यकार ने त्वरित कार्रवाई के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
20 दिसंबर को कंतेली में लगेगा शिविर
“प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत 20 दिसंबर को मुंगेली विकासखंड के ग्राम कंतेली में शिविर का आयोजन किया जाएगा। यहां भी विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाया जाएगा।