मुंगेली, 18 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जिले के तहसील मुख्यालय लालपुर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले में शामिल हुए। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री के लालपुर आगमन पर सतनामी कल्याण समिति बंधवा, लालपुर के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे।

लालपुर को मिलेगा महाविद्यालय, विकास को नई गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने लालपुर क्षेत्र के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए नवीन महाविद्यालय खोलने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने गुरु घासीदास जयंती एवं मेला आयोजन की राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने की घोषणा की।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णोद्धार के लिए भी 25 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।

सत्य के मार्ग से ही बनेगा विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महापुरुषों के विचारों के अनुरूप समतामूलक और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया गया है। प्रदेश में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूरी तरह संकल्पित है और धान खरीदी पूर्ण होने के बाद अंतर की राशि शीघ्र किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।

महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते दो वर्षों में धान का रकबा और किसानों की संख्या दोनों में वृद्धि हुई है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में नई औद्योगिक नीति लागू की गई है, जिससे समाज के हर वर्ग के युवक-युवतियां उद्यमी बन सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सतनाम आचार संहिता और जागरूकता कैलेंडर का विमोचन भी किया।
गांव, गरीब और समाज के सभी वर्गों का विकास: अरुण साव
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में गांव, गरीब और समाज के सभी वर्गों का तेजी से विकास हो रहा है। अनुसूचित जाति प्राधिकरण को सशक्त करते हुए इसके बजट को 50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है।
उन्होंने गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना पहले था। बाबा ने ऊंच-नीच और भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ समाज को जागरूक किया।
कैबिनेट मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सर्वसमाज का समावेशी विकास हो रहा है। सतनामी समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान युवक-युवतियों को पायलट प्रशिक्षण हेतु 15-15 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, अहिवारा विधायक श्री डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक श्री सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष लोरमी श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, डीएफओ श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।