अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, 214 बोरी जब्त

बलरामपुर। धान खरीदी के दौरान अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन की सख्त निगरानी के बीच एक ट्रक और तीन पिकअप वाहनों से कुल 214 बोरी अवैध धान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के निर्देशन में अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सतत निरीक्षण और रात्रिकालीन निगरानी के दौरान की गई।

प्रशासन के अनुसार अवैध धान परिवहन के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया है। कार्रवाई के दौरान नियमों के उल्लंघन की जांच भी की जा रही है।



अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी
कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा स्वयं तहसील रामचंद्रपुर के सीमा क्षेत्र मनरु घुटरा सहित विभिन्न अंतर्राज्यीय चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेकपोस्ट पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति, वाहनों की जांच प्रक्रिया, परिवहन दस्तावेजों की पड़ताल और रजिस्टर संधारण की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

रात्रिकालीन कार्रवाई में जब्ती
रात्रि लगभग 2 बजे कलेक्टर एवं प्रशासनिक टीम ने सीमावर्ती क्षेत्र में निगरानी के दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रक को जब्त किया, जिसमें करीब 40 बोरी धान लदा था। ट्रक को थाना सनावल के सुपुर्द किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री अभिषेक गुप्ता और जनपद सीईओ श्री रणवीर साय उपस्थित रहे।

इसी तरह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी श्री करुण डहरिया के नेतृत्व में सामरी क्षेत्र के ग्राम अमटाही में रात्रि 3:30 बजे दो पिकअप वाहनों से लगभग 123 बोरी अवैध धान पकड़ा गया। दोनों वाहनों को थाना सामरी को सौंपा गया।

रामचंद्रपुर में 51 बोरी जब्त
तहसील रामचंद्रपुर के बेलकुर्ता क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से 51 बोरी अवैध धान जब्त कर संबंधित थाने के सुपुर्द किया गया।

कलेक्टर श्री कटारा ने निर्देश दिए हैं कि अंतर्राज्यीय सीमाओं के साथ-साथ वैकल्पिक मार्गों, गांवों और जंगलों में भी सतत गश्त और सघन मॉनिटरिंग की जाए, ताकि अवैध धान परिवहन, भंडारण और आवक पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित हो सके।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *