मुंगेली, 09 दिसंबर 2025। जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सायबर सेल और पथरिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3 किलो 977 ग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने आरोपियों से परिवहन में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 77,839 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जिला पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 08 दिसंबर को पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो व्यक्ति भरेवा रोड, पथरिया ईंटा भट्ठा के पास गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 S 8885 पर सवार दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान दिनेश कुमार उर्फ गोरे नेताम (30 वर्ष), निवासी वार्ड 15 पथरिया, और चंचल उर्फ छोटू मानिकपुरी (26 वर्ष), निवासी वार्ड 9 शांतिनगर पथरिया, के रूप में हुई। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से चार पैकेट में भरा 3.977 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे की कीमत 27,839 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 50,000 रुपये आंकी गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 275/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। 09 दिसंबर को दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, प्रभारी सायबर सेल उप निरीक्षक सुशील कुमार बंछोर, उप निरीक्षक लक्ष्मण खुंटे, प्रआर यशवंत डाहिरे, रवि जांगड़े, आरक्षक राकेश बंजारे, गिरीराज सिंह, रवि मिंज और राहुल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने टीम की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन बाज अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।