मुंगेली, 08 दिसंबर 2025 // जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखने हेतु कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में टोकन व्यवस्था, धान उठाव, रकबा समर्पण, अवैध परिवहन और निगरानी तंत्र पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिया कि जिले की सीमाओं पर चेक पोस्ट स्थापित कर सघन जांच अभियान चलाया जाए, ताकि अवैध धान परिवहन पर प्रभावी रोक लग सके। सभी एसडीएम को कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्टर ने उड़न दस्ता दलों को सक्रिय रखते हुए खुड़िया, छपरवा और एटीआर क्षेत्र में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। संभावित अवैध आवक को देखते हुए सभी वाहनों की अनिवार्य जांच और संदिग्ध वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध परिवहन की गतिविधियाँ बढ़ने की संभावना रहती है, इसलिए सख्त निगरानी आवश्यक है।
बैठक में जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी कि अब तक 8 लाख 91 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदा जा चुका है और 76 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबा समर्पित किया गया है। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बीज निगम हेतु पंजीकृत किसानों का धान समितियों के बजाय सीधे बीज निगम को भेजा जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हित में संपन्न कराना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।