मुंगेली, 27 नवंबर 2025। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली पुलिस ने खेतों से चोरी हुए लोहे के एंगल की बड़ी खेप बरामद करते हुए तीन आरोपियों, एक कबाड़ी खरीददार और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। चोरी की गई कुल 134 लोहे के एंगल और दो मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 20 हजार रुपए का मशरूका जप्त किया गया है।
दो थाना क्षेत्रों में हुई चोरी, पुलिस ने शुरू की संयुक्त कार्रवाई
थाना लालपुर और फास्टरपुर क्षेत्र के खेतों से पिछले दिनों लोहे के एंगल चोरी होने की दो बड़ी घटनाएँ दर्ज की गई थीं।
थाना लालपुर: प्रार्थी राकेश तिवारी की रिपोर्ट पर 94 लोहे के एंगल चोरी होने पर अपराध क्रमांक 168/25 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज हुआ।

थाना फास्टरपुर: ग्राम सिपाही में प्रार्थी लीलक राम साहू के खेत से 40 एंगल चोरी होने पर अपराध क्रमांक 97/25 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध हुआ।
इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को चोरी की घटनाओं पर विशेष निगरानी और 100% बरामदगी के निर्देश दिए।
साइबर सेल और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई, मिले पुख्ता सुराग
साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर जानकारी पर पुलिस को पता चला कि ग्राम अतरगवां (नवागढ़, बेमेतरा) के कुछ युवकों ने चोरी के एंगल कबाड़ी को बेच दिए हैं।
इस पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपियों ने कबूल किया कि वे घूमने-फिरने, खाने-पीने, पेट्रोल भराने और घर का किराया चुकाने के लिए पैसे जुटाने चोरी करने मुंगेली आते थे। चोरी किए गए एंगल मुंगेली के दाउपारा स्थित कबाड़ी मोहम्मद नवाब उर्फ अरमान को बेचे गए थे।
चोरी का सामान बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कबाड़ी के परिसर से कुल 134 लोहे के एंगल, तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल (पल्सर एनएस CG 25 P 4963 और एचएफ डिलक्स CG 25 Q 7470) जप्त किए।
गिरफ्तार किए गए आरोपी—
1. समीर भास्कर (20 वर्ष)
2. देवप्रसाद माथुर (19 वर्ष)
3. इन्द्रेश उर्फ सूरज बंजारे (20 वर्ष)
—सभी निवासी ग्राम अतरगवां, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा
4. कबाड़ी मोहम्मद नवाब उर्फ अरमान (21 वर्ष), निवासी दाउपारा, लोरमी रोड, मुंगेली
साथ ही एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लेकर आवश्यक प्रक्रिया के बाद रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या चौकी में दें तथा अपने घर एवं दुकानों में सीसीटीवी अवश्य लगाएं।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थाना लालपुर से—उप निरीक्षक अमित गुप्ता, सउनि दिलीप प्रभाकर, प्र.आर. सुरेंद्र कुर्रे, आरक्षक जितेंद्र ठाकुर, रमाकांत डहरिया, तोरन सोनवानी, विकास ठाकुर
साइबर सेल से—प्र.आर. यशवंत डाहिरे, नोखे कुर्रे, रवि जांगड़े, आर. परमेश्वर जांगड़े, रामकिशोर कश्यप
इनकी संयुक्त टीमवर्क से चोरी का पूरा मामला सफलतापूर्वक सुलझाया गया।