बाल सुरक्षा सप्ताह शुरू, बच्चों को जागरूकता संदेश

मुंगेली, 17 नवंबर 2025// पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में 14 से 20 नवंबर तक “बाल सुरक्षा सप्ताह 2025” आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर स्थित मूक-बधिर संस्था में अध्ययनरत 19 बच्चों के साथ किया गया, जहां नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा और जनप्रतिनिधि सौरभ वाजपेयी विशेष अतिथि रहे। इस सप्ताह का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षा, अधिकारों और जागरूकता से जोड़ना है।


बच्चों को सुरक्षा से जुड़े महत्त्वपूर्ण संदेश

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले के सभी थानों, महिला एवं बाल सुरक्षा इकाइयों और सायबर सेल को निर्देश दिए हैं कि पूरे सप्ताह बच्चों को सरल भाषा में उपयोगी जानकारी दी जाए। पुलिस टीम द्वारा गुड टच–बैड टच, ऑनलाइन सुरक्षा, शोषण से बचाव, अभिभावकों की भूमिका, और हेल्पलाइन 1098 व 112 जैसी जरूरी सेवाओं के बारे में बताया जा रहा है।

थाना व सायबर सेल भ्रमण

बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत बच्चों को थाना, सायबर सेल और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण भी कराया जा रहा है। इस दौरान पुलिस के कामकाज, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और तकनीकी माध्यमों से सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रणाली को बच्चों ने देखा। एसपी पटेल ने मुलाकात के दौरान बच्चों से कहा कि गलत परिस्थिति में बिना झिझक पुलिस की मदद लें।


जनजागरूकता कार्यक्रम भी जारी

रविवार को विशाल मेगा मार्ट में आम नागरिकों व अभिभावकों को भी बाल सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों में बच्चों की सुरक्षा, अजनबियों से सावधानी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के महत्व पर प्रकाश डाला।

चैतन्य एकेडमी की परीक्षा के दौरान एकेडमिक पब्लिक स्कूल नवागढ़ की छात्राओं को विशेष सत्र में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया सुरक्षा से जुड़ी जानकारियाँ दी गईं।



मुंगेली पुलिस का यह जागरूकता अभियान बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों से सराहना प्राप्त कर रहा है। पुलिस विभाग का संदेश है कि बच्चों की सुरक्षा ही सुरक्षित समाज की नींव है और इसके लिए पुलिस व जनता की संयुक्त जिम्मेदारी आवश्यक है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *