मुंगेली, 15 नवम्बर 2025 // खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज से शुरू हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
धान उपार्जन केंद्र गीधा में विधायक पुन्नूलाल मोहले और कलेक्टर कुन्दन कुमार ने पूजा कर खरीदी की शुरुआत की। इस दौरान धान बेचने पहुंचे किसान आशुतोष सिंह राजपूत का पुष्पमाला पहनाकर तथा गुलाल लगाकर स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों ने किसान से धान की मात्रा, किस्म और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।
विधायक ने खरीदी केंद्र का अवलोकन करते हुए नमीमापक यंत्र से धान की नमी जांची और अपने समक्ष तौल प्रक्रिया भी कराई। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की शीर्ष प्राथमिकता है और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मौके पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे

कलेक्टर का निरीक्षण दौरा
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने भालापुर और जुनवानी धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। भालापुर में किसान कोशाराम ओगरे और जुनवानी में किसान मालती बाई लोधी का स्वागत किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को टीम भावना के साथ गंभीरतापूर्वक कार्य कर खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले में खरीदी की व्यवस्था
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए 66 समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों में पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। शासन द्वारा धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है।
धान खरीदी से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान 7755299003 पर कॉल कर सकते हैं।