समाचार:
मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने भोपाल (मध्यप्रदेश) से एक गुम हुई नाबालिग बालिका को बरामद करते हुए दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 486/2025 धारा 137(2), 87, 64(1), 64(2)(ड) बीएनएस एवं 4,6 पाक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने आरोपी उमेश उर्फ विक्की राय पिता सुरेश (उम्र 19 वर्ष, निवासी नवागांव घुठेरा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली) को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थिया ने 29 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर को उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने सायबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबीर की जानकारी के आधार पर आरोपी और बालिका की लोकेशन भोपाल में ट्रेस की।
दिनांक 8 नवंबर को पुलिस टीम ने अवधपुरी थाना क्षेत्र स्थित रॉयल क्रिस्टल कॉलोनी की झोपड़ी से बालिका को बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और डॉक्टरी परीक्षण में यह साबित हुआ कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार दैहिक शोषण किया था। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध अतिरिक्त धाराएं जोड़कर 10 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रआर दिलीप साहू, बालीराम ध्रुव, आर. जलेश्वर कश्यप, रामकिशोर कश्यप, बसंत डाहिरे एवं महिला आरक्षक वृंदा पन्द्राम की सराहनीय भूमिका रही।
