टाइटल:
दशरंगपुर स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिली साइकिलें

समाचार:
मुंगेली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशरंगपुर में शनिवार को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति के माहौल में “वंदे मातरम्” गीत के साथ हुई, जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।



विधायक पुन्नूलाल मोहले ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की यह योजना बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा, “साइकिल न केवल आवागमन का साधन है बल्कि आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का प्रतीक भी है। इससे छात्राओं की विद्यालय उपस्थिति और शैक्षणिक प्रदर्शन दोनों में सुधार होगा।”



विधायक मोहले ने इस अवसर पर विद्यालय में एक अतिरिक्त कक्षा निर्माण की घोषणा भी की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने की। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि देवचरण भास्कर, पद्मनी मोहले, SMDC अध्यक्ष मानसिंह मोहले, दशरंगपुर सरपंच, जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, जिला मिशन समन्वयक अशोक कश्यप, ए.पी.सी. यू.के. शर्मा, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों ने कुल 71 छात्राओं को साइकिल प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि साइकिल मिलने से ग्रामीण अंचल की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी उपस्थिति और परिणामों में सुधार आएगा। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता योगेंद्र भास्कर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन व्याख्याता संगीता द्वारा किया गया।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *