समाचार:
बलरामपुर। थाना रामचंद्रपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कालिकापुर में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने ग्रामीणों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2025 की दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी दरोगा यादव, पिता रामवृक्ष यादव (आयु 40 वर्ष, निवासी ग्राम कालिकापुर) ने कब्जे की भूमि हटवाने की बात को लेकर प्रार्थी सुशील यादव (पिता मुखलाल यादव, उम्र 21 वर्ष) से विवाद किया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने प्रार्थी सुशील यादव, अनिल यादव, रूपलाल यादव और लाल मोहन यादव पर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर सिर पर चोट पहुंचाई, जिससे सुशील यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 48/2025 धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान 7 नवंबर को आरोपी दरोगा यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
