मुंगेली, 17 अक्टूबर।
केंद्रीय राज्य मंत्री टोखन साहू आज मुंगेली के पी.एम. श्री बी.आर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।




कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं के चेहरे पर नई ऊर्जा और उत्साह झलक रहा था। मंत्री टोकन साहू ने कहा कि यह पहल बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि यह विद्यालय उनके बचपन की यादों से जुड़ा है — यहीं से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा पाई।
उन्होंने कहा, “आज इन्हीं कक्षाओं में नई पीढ़ी को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते देखना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण है। शिक्षा के मार्ग पर बढ़ते ये नन्हे कदम ही सशक्त भारत की नींव हैं।”
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।