मुंगेली, 14 अक्टूबर 2025। जिला कलेक्टोरेट परिसर में साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों के समाधान हेतु पहुंचे। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन में इस बार 150 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नागरिकों ने शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने, नाम सुधार, भूमि से जुड़ी दिक्कतें, बिजली व्यवस्था, पेंशन, सड़क मरम्मत और अवैध शराब बिक्री पर रोक जैसी विभिन्न मांगें रखीं।
विकासखंड लोरमी, मुंगेली और पथरिया से आए ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं से लाभ दिलाने की मांग की। ग्राम चकला, अमलीडीह, गैलूगांव, करीलकुंडा, लछनपुर, खम्हरिया, मजगांव, लिलवाकापा और गुना के निवासियों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं पर आवेदन दिया।
इसी तरह पथरिया विकासखंड के रोहराकला, हथकेरा, बरेला, अमोरा, कुकुसदा और चंदखुरी गांवों से आए ग्रामीणों ने भूमि नामांतरण, मुआवजा भुगतान, सड़क मरम्मत, शौचालय स्वीकृति और नाली निर्माण जैसी समस्याओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर सारिका मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आवेदनों का तत्काल परीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।