परमेश्वरी चौक निर्माण में देरी से देवांगन समाज में नाराज़गी

मुंगेली, 11 अक्टूबर 2025 — शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल माता परमेश्वरी चौक के निर्माण कार्य में अब तक कोई प्रगति नहीं होने से देवांगन समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है। समाज के लोगों ने नगर पालिका की निष्क्रियता पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



देवांगन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि चौक के निर्माण के लिए पिछले कई वर्षों से आवेदन और निवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन नगर पालिका के अधिकारियों की उदासीनता और मनमानी रवैये के कारण कार्य आज तक शुरू नहीं हो पाया। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि शहर के अन्य चौक-चौराहों का निर्माण तेजी से किया गया, लेकिन माता परमेश्वरी चौक को जानबूझकर उपेक्षित रखा गया है।

समाज के सदस्यों ने कहा कि यह स्थल देवांगन समाज की धार्मिक और सामाजिक आस्था का प्रतीक है, और इसकी उपेक्षा उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ के समान है। नगर पालिका की लापरवाही से समाज में गहरी नाराज़गी और असंतोष व्याप्त है।

देवांगन समाज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो नगर पालिका कार्यालय का घेराव और तालाबंदी जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब यह मामला केवल निर्माण कार्य का नहीं, बल्कि समाज की आस्था और सम्मान का विषय बन गया है।

अब देखना यह है कि नगर पालिका समय रहते इस गंभीर मुद्दे का समाधान करती है या फिर मामला आंदोलन की दिशा लेता है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *