बलरामपुर (छत्तीसगढ़), 05 अक्टूबर 2025।
परिवहन चेकपोस्ट धवलपुर में ड्यूटी कर रहे शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने वाले तीन आरोपियों को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्यवाही थाना बसंतपुर पुलिस द्वारा तीव्रता से की गई, जिसके बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर 2025 की रात परिवहन उप निरीक्षक मृगन यादव ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे परिवहन चेकपोस्ट धवलपुर में रात्रि ड्यूटी पर थे। रात्रि करीब 10:10 बजे के आसपास आरोपी कैलाश यादव, उमेश उर्फ गौतम यादव और सुनील रावत बिना नंबर की एक ग्रे रंग की बाइक से वहां पहुंचे और मौके पर मौजूद परिवहन कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की और विभागीय दस्तावेजों को भी क्षति पहुँचाई।
इस हमले में परिवहन उप निरीक्षक मृगन यादव, सहायक परिवहन उप निरीक्षक अजय तिवारी, परिवहन आरक्षक बी.एल. साहू एवं चालक गणेश सिंह को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 183/2025 धारा 121, 132, 221, 191(2), 296, 331(6) भा.द.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों कैलाश यादव (24 वर्ष, निवासी बसंतपुर), उमेश यादव (25 वर्ष, निवासी प्रेमनगर) और सुनील रावत (32 वर्ष, निवासी बसंतपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
थाना प्रभारी विजय मोती, उप निरीक्षक गुरुमान सिंह बघेल, सहायक उप निरीक्षक साखीदास, आरक्षक जितेन्द्र यादव, विवेक कुमार एवं गणेश पदवार की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।