मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के तहत पथरिया पुलिस ने गुम हुई नाबालिग बालिका को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया।
प्रकरण के अनुसार, 24 सितंबर 2025 को प्रार्थिया ने थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 205/2025 धारा 137(2) बीएनएस दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने महिला संबंधी अपराधों और ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के तहत गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनती कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पथरिया प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सर्व थानों एवं चौकियों को सूचना भेजी गई।

टीम की सक्रियता से 24 घंटे के भीतर नाबालिग बालिका को सरकंडा, बिलासपुर के नूतन चौक से सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में पता चला कि वह बिना बताए बुआ के घर बिलासपुर जा रही थी और रास्ता भटक गई थी। किसी अप्रिय घटना से इंकार किया गया।
बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक पुहकल सिंह ठाकुर, आरक्षक राजीव पटेल, आरक्षक विनोद बंजारे और महिला आरक्षक सीनू सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।