मुंगेली, 19 सितम्बर 2025।
थाना फास्टरपुर क्षेत्र के ग्राम दाबों में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के पर्यवेक्षण और एसडीओपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 10 सितम्बर की रात ग्राम दाबों में हेमप्रसाद साहू की लोहे की पाइप से हत्या कर मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली गई थी। प्रार्थी हेमचंद साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि तरवरपुर सोसायटी में नियुक्ति विवाद को लेकर प्रबंधक नेतराम साहू ने रंजिशन युवक की हत्या कराने की साजिश रची और अपने साले सुनील साहू सहित साथियों को 50 हजार रुपये की सुपारी दी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को दबोचा। पूछताछ में साजिशकर्ता नेतराम साहू ने स्वीकार किया कि धान खरीदी की अनियमितताओं को लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई हुई थी, जिससे नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने नेतराम साहू, सुनील साहू, शुभम पाल, गौकरण साहू और एक विधि संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपियों से दो लोहे की पाइप, मृतक का मोबाइल, प्रार्थी की मोटरसाइकिल, एक अन्य मोटरसाइकिल और बोलेरो वाहन जब्त किए गए हैं।
आरोपी:
नेतराम साहू (43 वर्ष, सिल्ली)
सुनील साहू (20 वर्ष, पौनी पुसेरा, कबीरधाम)
शुभम पाल (18 वर्ष, चकरभांठा, बिलासपुर)
गौकरण साहू (20 वर्ष, बड़े पौनी, मुंगेली)
एक विधि से संघर्षरत बालक
जब्त सामग्री:
दो लोहे की पाइप
मृतक का मोबाइल
प्रार्थी की मोटरसाइकिल
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
बोलेरो वाहन
पुलिस टीम में थाना प्रभारी गिरिजाशंकर यादव, साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर सहित कई पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।