लुत्ती बांध हादसा: कृषि मंत्री ने बंधाया ढांढस
विस्तृत समाचार:
बलरामपुर, 03 सितम्बर 2025। जिले में लुत्ती डैम टूटने से हुए हादसे के बाद कृषि मंत्री रामविचार नेताम प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

मंत्री नेताम ने मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर फसल और पशुहानि की जानकारी ली। तत्काल सहायता राशि के रूप में कुल 2 लाख 57 हजार 40 रुपये पीड़ित परिवारों को प्रदान किए गए। इसमें पशुहानि के लिए गांगरेल को 64 हजार, कन्हाई को 37,500, खिलबानुस को 32 हजार तथा फसल क्षति के लिए राजेश्वर सिंह को 8,500, सुखदेव को 7,520, सुरेश को 7,520 और संदीप को 1 लाख रुपये शामिल हैं। साथ ही प्रभावित परिवार देवंती, संदीप और फुलमतिया को भी सहयोग राशि दी गई।
मंत्री ने कहा कि मकान, फसल और पशु हानि का विस्तृत सर्वे कर शीघ्र मुआवजा राशि दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को अस्थायी आवास, भोजन, पानी और चिकित्सकीय सुविधा प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस घटनाक्रम की जानकारी लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पीड़ितों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
आवागमन बहाल करने शुरू हुआ कार्य
हादसे से ग्रामीणों की फसल और पशुधन के साथ-साथ आधारभूत संरचना को भी क्षति पहुंची है। बांध का पानी बहने से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 2014 में निर्मित दो पुल और सड़क बह गए। कलेक्टर ने तत्काल दोनों पुलों के स्थान पर अस्थायी डायवर्सन निर्माण का निर्देश दिया, जिस पर तेजी से कार्य चल रहा है ताकि जल्द से जल्द आवागमन बहाल हो सके।