‘दीदी के गोठ’ से बढ़ेगा ग्रामीण महिलाओं का सशक्तिकरण

रायपुर, 30 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सुशासन का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा जब ग्रामीण महिलाएँ सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से सशक्त बनें। इसी सोच के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत एक नई ऐतिहासिक पहल की है। इसके तहत विशेष रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का शुभारंभ 31 अगस्त 2025 को दोपहर 12:15 बजे होगा।

यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर सहित प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से प्रसारित होगा। साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर भी उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा ग्रामीण महिलाओं के नाम विशेष संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

महिलाओं की कहानियाँ बनेंगी प्रेरणा
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करना है। इसमें स्व-सहायता समूहों से जुड़ी सफल महिलाओं की कहानियाँ सुनाई जाएंगी—कैसे उन्होंने कठिनाइयों को पार कर आत्मविश्वास और मेहनत से आर्थिक मजबूती हासिल की और समाज में पहचान बनाई। छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाएँ “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जिनका जीवन बिहान योजना से बदला है। उनकी प्रेरणादायी कहानियाँ रेडियो के माध्यम से हर गाँव-घर तक पहुँचेंगी।

सामूहिक श्रवण से बढ़ेगा प्रभाव
कार्यक्रम के व्यापक प्रभाव के लिए पंचायत, ग्राम संगठन और संकुल संगठन स्तर पर सामूहिक श्रवण की व्यवस्था की गई है। इसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की महिलाएँ शामिल होंगी। सामूहिक श्रवण से ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद, चर्चा और प्रेरणा का वातावरण बनेगा।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *