मुंगेली, 29 अगस्त 2025// राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव के पंजीयन पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया।
श्री साहू ने सभी उपस्थित लोगों को फिटनेस और खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ तन-मन के लिए खेल आवश्यक हैं और यदि हम सभी फिट रहेंगे, तो देश भी फिट रहेगा। महोत्सव का उद्देश्य गॉवों एवं जिले की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, खेल सामग्री एवं कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की।

बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल में हार-जीत सामान्य है, सबसे महत्वपूर्ण बात भागीदारी है। उन्होंने युवाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप ‘‘विकसित भारत 2047’’ के लक्ष्य की ओर प्रेरित किया।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जानकारी दी कि जिले से इस महोत्सव की शुरुआत होना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि 21 सितम्बर से विकासखंड व जिला स्तर पर ‘‘फिट युवा फॉर विकसित भारत’’ का आयोजन होगा और संसदीय क्षेत्र बिलासपुर में 25 दिसम्बर को समापन किया जाएगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 20 सितम्बर रखी गई है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने भी युवाओं को खेल के महत्व पर प्रेरित किया।

केन्द्रीय राज्यमंत्री, विधायक और कलेक्टर भी बने खिलाड़ी
महोत्सव के दौरान केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू एवं विधायक मोहले ने बल्लेबाजी की, वहीं कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बॉलिंग कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में मुंगेली की आगर इलेवन और लोरमी की मनियारी इलेवन टीमें शामिल हुईं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य अंबालिका साहू, पूर्व सांसद लखनलाल साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। वरिष्ठ खेल अधिकारी संजय पॉल ने बताया कि 30 अगस्त को जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता और 31 अगस्त को साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रामपाल सिंह ने किया।