बलरामपुर-रामानुजगंज // थाना रामानुजगंज पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़ी बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक अकाउंट घोटाले के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशाल उर्फ चंद्रमणि सिंह (40 वर्ष), पिता जगमोहन सिंह, निवासी सिलफिली थाना जयनगर, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है।

मामले की शुरुआत तब हुई जब साइबर ठगी में उपयोग होने वाले म्यूल अकाउंट धारकों की जांच के निर्देश पुलिस अधीक्षक ने जारी किए थे। जांच के दौरान आरोपी जसनाथ मिंज के खाते में 3,90,639 रुपये का अवैध ट्रांजेक्शन सामने आया। आरोपी ने अवैध लाभ के लिए केनरा बैंक में खाता खोलकर चंद्रमणि को सौंप दिया था। इसके बदले में उसे 5,000 रुपये प्रतिमाह देने का लालच दिया गया था।
ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए इस खाते का उपयोग किया जाता था। जसनाथ मिंज को पहले ही गिरफ्तार कर 19 जुलाई 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान चंद्रमणि सिंह की संलिप्तता सामने आई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने सिलफिली गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, सहायक उपनिरीक्षक कृपादान लकड़ा, प्रधान आरक्षक नारायण तिवारी और संजीव सिंह की अहम भूमिका रही। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।