बलरामपुर, 20 अगस्त 2025// बलरामपुर-रामानुजगंज जिला मुख्यालय में 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रयास आवासीय विद्यालय का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम की पहल पर विद्यालय भवन के लिए राशि स्वीकृत की है।

मंत्री श्री नेताम ने बताया कि इस विद्यालय की स्थापना से अंचल के जनजातीय परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा। विद्यालय में स्कूली शिक्षा के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बलरामपुर आदिवासी बहुल क्षेत्र है और इस विद्यालय से न केवल जनजातीय बल्कि अन्य वर्गों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा।