समाचार: संतोष कश्यप जिला ब्यूरो
बलरामपुर, 10 अगस्त 2025 // स्वतंत्रता दिवस 2025 के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान के द्वितीय चरण में विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत आरागाही से ग्राम पंचायत ताम्बेश्वरनगर तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री सुनिल तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रणवीर साय, करारोपण अधिकारी श्री सुरेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “तिरंगा हमारी शान है” जैसे नारे लगाए। देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रणवीर साय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और महत्व से जोड़ना है। यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन का अवसर भी है।

कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले में ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ अभियान संचालित किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा से प्रेरित होकर ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल हर घर तिरंगा फहरेगा, बल्कि देशभक्ति, आपसी एकजुटता और सामाजिक सहयोग की भावना भी मजबूत होगी।
