मुंगेली, 08 अगस्त 2025 — लोरमी विकासखंड के ग्राम खुड़िया स्थित राजीव गांधी (मनियारी) जलाशय से 1.29 लाख एकड़ क्षेत्र की खरीफ फसलों के लिए पानी छोड़ा गया। यह निर्णय उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर लिया गया, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई जल उपलब्ध हो सकेगा।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जल वितरण व्यवस्था की निगरानी और किसानों तक जल पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को बिना बाधा के पानी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता के अनुसार, खुड़िया जलाशय इस समय 150.68 मि.घ.मी. यानी 102% क्षमता से भरा है और वेस्ट वियर से पानी बह रहा है। पानी छोड़ने से सिंचाई के साथ ग्रामीणों को निस्तारी, पशुपालन और अन्य कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने जलाशय का गेट खुलने पर उप मुख्यमंत्री, कलेक्टर और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

