बलरामपुर, 09 अगस्त 2025 — स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में “हर घर तिरंगा-2025” कार्यक्रम 15 अगस्त तक विशेष रूप से आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य देशभक्ति के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में रंगोली, पत्र लेखन, तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा रैली, बाइक और साइकिल रैली जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। साथ ही स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी शामिल रहेंगी।
अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए “हर घर तिरंगा” पोर्टल शुरू किया गया है, जहां नागरिक तिरंगा सेल्फी साझा कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी से घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में पूरे उत्साह से भाग लेने की अपील की है।
