बलरामपुर में दिल दहला देने वाली घटना, आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में
बलरामपुर, 31 जुलाई 2025 — बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अधौरा में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति की करंट लगाकर हत्या कर दी। मृतक मनोज गुप्ता की पत्नी पार्वती गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की तड़के 3 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि अधौरा गांव में एक दंपति के बीच घर के अंदर झगड़ा हो रहा है। मौके पर पहुँची पुलिस और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जब घर का दरवाजा नहीं खुला, तो तोड़ने का प्रयास किया गया। तभी पार्वती गुप्ता दरवाजा खोलकर बेहोश हो गई। घर के अंदर मनोज गुप्ता अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि मृतक ने दूसरी महिला के साथ विवाह जैसी स्थिति में रहने के कारण पार्वती गुप्ता काफी समय से नाराज थी। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। मनोज गुप्ता ने खुद को पत्नी से बंधवाने की बात स्वीकार की थी। लेकिन विवाद के बीच पार्वती ने घर में मौजूद एक्सटेंशन वायर से पति को करंट लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 105/2025 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर, आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर गिरफ़्तार कर लिया। आरोपी को आज न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया है।