कलेक्टर एवं एसपी ने किया सड़क और पुल-पुलिया का निरीक्षण, जलजमाव की समस्या पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश



मुंगेली, 25 जुलाई 2025
जिले में संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति से निपटने के उद्देश्य से कलेक्टर  कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक  भोजराम पटेल ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, पुल-पुलियों और जलजमाव संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से बरेला क्षेत्र में सड़क पर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तुरंत वैकल्पिक जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर  कुमार ने कहा कि बारिश के कारण आवागमन बाधित न हो, इसके लिए जलनिकासी की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने बीरगांव, बिलासपुर-मुंगेली बायपास सहित अन्य संवेदनशील स्थलों का दौरा कर बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ अथवा अतिवृष्टि की स्थिति में जन-धन की क्षति को रोकने के लिए सभी एहतियाती उपाय तत्परता से लागू किए जाएं। राहत और बचाव कार्यों के लिए सामग्री और संसाधनों की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भारी वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति में किसी भी नदी-नाले को अनावश्यक रूप से पार न करें।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने भी अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने और किसी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी पानी का बहाव तेज हो, वहां सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की जाए और आमजन को सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए प्रेरित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ  प्रभाकर पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *