रीवा, 12 जुलाई 2025 – रीवा जिले में पुलिस ने अलग-अलग थानों की कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में वांछित अपराधी शामिल हैं।
चाकघाट पुलिस ने 8 माह से फरार चोरी के आरोपी को दबोचा
थाना चाकघाट में दर्ज प्रकरण में 8 महीने से फरार आरोपी मोहम्मद जुबैर पिता दीन मोहम्मद, निवासी फुफुहा, थाना सरायइनायत, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक सोने की झुमका जिसकी कीमत लगभग ₹75,000 बताई जा रही है, बरामद किया गया है। यह कार्रवाई उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा व टीम द्वारा की गई
गोविंदगढ़ पुलिस ने ₹10,000 के इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार
थाना गोविंदगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में ₹10,000 के इनामी आरोपी विक्की उर्फ कुलदीप सिंह पिता योगेन्द्र सिंह परिहार, निवासी सुवपया, जिला रीवा को भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 2 मार्च को एक तीज उत्सव से लौट रहे युवक पर अपने साथियों के साथ हमला कर कट्टे से फायर किया था।
सोहागी पुलिस ने पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे ₹20,000 के इनामी को पकड़ा
थाना सोहागी पुलिस ने 9 महीने से फरार हत्या के आरोपी देवमुतन माझी पिता मैकूला माझी, उम्र 59 वर्ष, निवासी वार्ड-7, त्योंथर को उत्तर प्रदेश के घूरपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते 10 अक्टूबर 2024 को अपनी पत्नी रामवती की हत्या कर शव को खेत में गाड़ दिया था। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
रीवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देशन में की गई इन कार्रवाइयों में स्थानीय थाना प्रभारियों व पुलिस टीमों की सक्रिय भूमिका रही।