घर में सेंधमारी कर 95 हजार के जेवर चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

रीवा(ब्यूरो राजीव मिश्रा। जिले के सेमरिया थाना पुलिस ने घर में घुसकर की गई चोरी के मामले में एक आरोपी को चोरी के जेवरों सहित गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग ₹95,000 मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2025 को एक फरियादी ने सेमरिया थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान फरियादी और अन्य ग्रामीणों से पूछताछ में कृष्णा उर्फ कृष्णकुमार यादव (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम करमई पर संदेह हुआ। पुलिस ने जब आरोपी को तलाशा, तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।



आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां एक सफेद रंग की पोटली में 01 नग सोने का मंगसूत्र, 01 जोड़ी सोने की कान की सुई-धागा, 01 नग सोने की गले की छोटी चेन, 01 सोने की अंगूठी और 01 जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई।

चोरी के यह सभी सामान गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ सेमरिया थाना में पहले से दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास कपीस, उप निरीक्षक रामशिरोमणि सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद अजनहोती, आरक्षक प्रबुद्ध त्रिपाठी, शिवम सिंह, सुजीत शर्मा, महिला आरक्षक मेघा पटेल, अजय त्रिपाठी और शैलेन्द्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *