रायपुर, 08 जुलाई 2025 – छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2025 के गरिमामय आयोजन हेतु दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। राजधानी रायपुर में मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। यह संदेश दूरदर्शन और आकाशवाणी पर प्रसारित किया जाएगा।

मुख्य समारोह में संयुक्त परेड द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया जाएगा। परेड का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल करेंगे। इसमें BSF, CRPF, CISF, ITBP, SSB, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना एवं NCC कैडेट्स की टुकड़ियाँ भाग लेंगी।
विभिन्न विभागों द्वारा पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इसके लिए 29 जुलाई तक चयनित नामों की सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भेजनी होगी। इसके बाद प्राप्त नामों पर विचार नहीं किया जाएगा।
समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम (नृत्य व गायन) प्रस्तुत किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इसके लिए जूरी गठित की जाएगी और कार्यक्रम स्थल पर ही पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
रायपुर के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त को समारोह की व्यवस्था हेतु विशेष जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। प्रदेश के सभी राष्ट्रीय स्मारकों और सरकारी भवनों पर 15 अगस्त की रात रोशनी की जाएगी। निजी संस्थानों से भी इसमें भागीदारी की अपील की गई है।
साथ ही जिला, विकासखंड एवं पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम व प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।